खगड़िया से प्रवीण कुमार प्रियांशु की रिपोर्ट
International Yoga Day 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को खगड़िया के विद्याधार स्थित महर्षि दयानंद योग आश्रम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया. सुबह से ही आश्रम परिसर में योग प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में हिस्सा लिया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया.
दीप प्रज्वलन और वेद मंत्रोच्चार के साथ हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ योगाचार्य नरेंद्र ब्रह्मचारी ने दीप प्रज्वलन और वेद मंत्रोच्चार के साथ किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “जो करेगा योग, उसे नहीं होगा रोग”. उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि का समन्वय ही वास्तविक योग है. इन सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता है.
‘योग सिर्फ व्यायाम नहीं, जीवन जीने की कला है’
खगड़िया जदयू के जिला कोषाध्यक्ष और योग प्रेमी संदीप केडिया ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की एक संपूर्ण कला है. नियमित योग से न सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है.
सूर्य नमस्कार से प्राणायाम तक, साधकों ने किया सामूहिक अभ्यास
योगाचार्य नरेंद्र ब्रह्मचारी के नेतृत्व में दर्जनों साधकों ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन और विभिन्न प्राणायाम का अभ्यास किया. योग शिविर में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली. पूरे परिसर में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा.
International Yoga Day 2026: निशुल्क योग प्रशिक्षण से जुड़ रहे लोग
आश्रम के संचालक धर्मेंद्र शास्त्री ने बताया कि इस वर्ष की थीम “योग फॉर वसुधैव कुटुम्बकम्” को ध्यान में रखते हुए लोगों को तनावमुक्त जीवन और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय बताए गए. उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद योग आश्रम, विद्याधार में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 7 बजे तक निशुल्क योग प्रशिक्षण दिया जाता है.
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को आयुर्वेदिक काढ़ा पिलाया गया. इस अवसर पर संदीप केडिया, निर्मल ज्ञानमयी, संजय गुप्ता, विकास गुप्ता, विजय पोद्दार, प्रभु पासवान, योगेंद्र चौरसिया, रोहित कुमार, धीरज कुमार और नीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमी उपस्थित थे.
