खगड़ियाः जिले के चारों विधानसभा क्रमश: खगड़िया, अलौली, बेलदौर तथा परबत्ता में 20 से 29 वर्ष की आयु मतदाता सर्वाधिक है. इन चारों विधानसभा क्षेत्र के 18 से 80 वर्ष से अधिक उम्र वाले मतदाताओं की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा तैयार की गयी है. जो आगामी लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. जानकारी के मुताबिक इन चारों विधानसभा क्षेत्र में नौ लाख से अधिक मतदाता हैं.
जिसमें 20 से 29 वर्ष के उम्र वाले मतदाताओं की संख्या सर्वाधिक दो लाख 80 हजार 112 (16.80 प्रतिशत) मतदाता है. दूसरे नंबर पर 30 से 39 वर्ष के मतदाता है. इनकी संख्या जिले में दो लाख 51 हजार 759 (15.10 प्रतिशत) हैं. जबकि 40 से 49 वर्ष की आयु के एक लाख 72 हजार 488 (10.35 प्रतिशत) मतदाता जिले के चारों विधानसभा में हैं. इसी तरह 50 से 59 वर्ष की आयु के मतदाताओं की संख्या एक लाख नौ हजार 182 (6-55 प्रतिशत), 60 से 69 वर्ष के 66 हजार 808 (4.01 प्रतिशत) मतदाता, 70 से 79 वर्ष के 36 हजार दो सौ 74 तथा 80 से ऊपर उम्र के 12 हजार 198 मतदाता (0.71 प्रतिशत) इस जिले में हैं.
अगर सबसे युवा/नये मतदाता की बात करें तो 18 से 19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या यहां 29 हजार 380 है. जिसका प्रतिशत कुल मतदाताओं के विरुद्ध 1.76 प्रतिशत हैं.
खगड़िया लोकसभा क्षेत्र में इन चारों विधानसभा के अलावे सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर एवं समस्तीपुर जिले का हसनपुर विधानसभा भी शामिल हैं. यहां किस उम्र के कितने मतदाता हैं. इसकी सूची जिला स्तर पर फिलहाल नहीं भेजी गयी है. जिस कारण उक्त दोनों विधानसभा का ब्योरा नहीं दिया गया है.
