खगड़िया : डेढ़ वर्ष बाद भी राज्य खाद्य निगम के पदाधिकारी ने गोदाम के किराया का भुगतान नहीं किया है . पहले तो कई बार गोदाम मालिक ने एसएफसी के कार्यालय का चक्कर लगाया. अब किराये की राशि मांगने वे वरीय पदाधिकारी के पास पहुंच गये. गुरुवार को डीएम के जनता दरबार में लोगों की शिकायत सुन रहे उपविकास आयुक्त सुरेश चौधरी से गोदाम मालिक राजधाम निवासी कैलाश यादव ने न्याय की गुहार लगायी.
उन्होंने डीडीसी को मांग से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा व कहा कि धान अधिप्राप्ति के दौरान गोदाम किराये पर लिया गया था, जिसका भुगतान नहीं किया जा रहा है.
वहीं चौथम प्रखंड के नवादा निवासी सकलदेव प्रसाद ने चौथम सीओ की शिकायत डीडीसी से की. आवेदक का कहना था कि जमीन की मापी के लिए उन्होंने डेढ़ वर्ष पूर्व ही शुल्क अंचल कार्यालय में जमा की थी.
किंतु अब तक उनकी जमीन की मापी नहीं की गयी है. जनता दरबार में आये 102 एंबुलेंस के कई चालकों ने बकाया वेतन का भुगतान नहीं होने की शिकायत अधिकारियों से को. चालक गोपी कृष्ण सहित अन्य ने कहा कि उन्हें पांच माह का बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया है. वहीं रजनीश कुमार ने केंद्रीय विद्यालय में सातवीं कक्षा में नामांकन के लिए आवेदन दिया. इस मौके पर एडीएम एमएच रहमान, डीएसओ डीएन झा आदि मौजूद थे.
