व्यवसायी के स्कॉर्पियो से चोरी हुई 07 लाख रुपये कटिहार से बरामद

एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर चित्रगुप्त नगर पुलिस ने डीआईयू की टीम के साथ कटिहार में छापेमारी कर चोरी की गयी सात लाख रुपये बरामद कर लिया. चोरी में शामिल चोर फरार हो गया.

चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के कोशी कॉलेज के समीप 01 जून की दोपहर हुई थी चोरीबैंक से व्यवसायी का पीछा कर रहा था कटिहार के जुराबगंज नयाटोला का चोर

खगड़िया.

चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के कोसी कॉलेज के समीप 1 जून की दोपहर व्यवसायी की स्कॉर्पियो से सात लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस ने डीआईयू टीम के साथ कटिहार जिले में छापेमारी कर चोरी की पूरी राशि बरामद कर ली है. हालांकि घटना में शामिल आरोपित पुलिस कार्रवाई से पहले फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहा था व्यवसायी

एसपी ने बताया कि मानसी थाना क्षेत्र के राजाजान निवासी बबलू यादव के पुत्र प्रहलाद कुमार ने चित्रगुप्त नगर थाना में सूचना दी थी कि वह 1 जून को करीब 1:15 बजे एचडीएफसी बैंक से सात लाख रुपये निकालकर अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे. घर जाने के क्रम में वह कोसी कॉलेज के समीप स्थित विकास छोला-भटूरा दुकान पर पैकिंग कराने के लिए रुके. उन्होंने अपनी गाड़ी लॉक कर दुकान की ओर गये थे. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ दिया और गाड़ी में रखा सात लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गये. घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पीड़ित द्वारा सूचना दिये जाने पर चित्रगुप्त नगर थाना में कांड संख्या 87/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गयी.

सीसीटीवी फुटेज से मिला महत्वपूर्ण सुराग

मामले के अनुसंधान के दौरान चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस ने एचडीएफसी बैंक तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की. फुटेज के विश्लेषण में एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नयाटोला जुराबगंज वार्ड संख्या 1 निवासी सिन्दू यादव उर्फ सिन्दू ग्वाला, पिता अधीक ग्वाला, के रूप में हुई. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान सुनिश्चित की और उसके ठिकाने पर छापेमारी की योजना बनायी.

कटिहार में छापेमारी कर बरामद की गयी पूरी राशि

पहचान होने के बाद चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस और डीआईयू टीम ने कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र स्थित आरोपित के घर पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने चोरी किये गये पूरे सात लाख रुपये बरामद कर लिये. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपित फरार हो गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता थी या नहीं. छापेमारी दल में चित्रगुप्त नगर थानाध्यक्ष नवीन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक आनंद राज तथा डीआईयू टीम के अन्य सदस्य शामिल थे. पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VINOD RAO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >