शनिवार को डीएम की अध्यक्षता में हुई आपूर्ति विभाग की बैठक
खगड़िया: डीलरों को ससमय केरोसिन उपलब्ध नहीं कराये जाने के कारण थोक विक्रेता की अनुज्ञप्ति रद हो सकती है. डीएम संजय कु मार सिंह ने सदर एसडीओ से जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है. अगर शिकायत सही साबित हुई तो कार्रवाई की जायेगी.
शनिवार को डीएम की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की बैठक आयोजित की गयी. जिसमें जिला आपूर्ति पदाधिकारी डीएन झा ने जिलाधिकारी को बताया कि डीलरों के द्वारा लगातार शिकायत की जाती है कि खगड़िया के में सूरजमल महादेव लाल थोक विक्रेता के द्वारा ससमय केरोसिन नहीं दिया जाता है. जिसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसडीओ को इस मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है. उन्होंने कहा कि अगर डीलरों की शिकायत सही पायी गयी तो थोक विक्रेता की अनुज्ञप्ति रद की जायेगी. कुछ डीलरों की शिकायत पर चौथम प्रखंड के सहायक गोदाम प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगने का भी आदेश दिया है. मिली जानकारी के अनुसार डीलरों के द्वारा डीएम से यह शिकायत की गयी थी कि एजीएम के द्वारा डीलरों से प्रति क्विंटल 20 रुपये अवैध रूप से लिए जाते हैं. जिस पर डीएम ने आरोपी एजीएम से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया है. बैठक में डीएम ने समय पर बैंक ड्राफ्ट जमा नहीं करने वाले डीलरों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. मौके पर उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को जांच करने तथा समय पर बैंक ड्राफ्ट नहीं जमा करने वाले के विरुद्ध अनुशंसा करने को कहा है. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी डीएन झा, सदर एसडीओ एसके अशोक, गोगरी एसडीओ जर्नादन प्रसाद, सदर बीडीओ सह एमओ सुनील कुमार आदि उपस्थित थे.
