* नाव यात्रा के दौरान नहीं थी समुचित व्यवस्था
खगड़िया : इसे जिला प्रशासन की लापरवाही नहीं तो और क्या कहेंगे. जिले की प्रभारी मंत्री परवीन अमानुल्लाह को भी जिले में अवैध नौका परिचालन का शिकार होना पड़ा. मंत्री व उनके सरकारी वाहन को जिस नाव से नदी पार कराया गया. उस पर लाइफ जैकेट,फंदा रस्सी, बैठने की व्यवस्था, गोताखोर आदि कुछ भी नहीं था.
उल्लेखनीय है कि परिवहन नियम के अनुसार घाट के पट्टेदारों को नाव की क्षमता सहित कई अन्य आवश्यक चीजों को बोर्ड के माध्यम से घाट पर ही दर्शाना है. लेकिन जिस जगह से मंत्री को नदी पार कराया गया वहां कुछ भी नहीं था. मंत्री की सुरक्षा में ऐसी चूक जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है.
उल्लेखनीय है कि जिले में नौका हादसा की कई बड़ी-बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं. फुलतौड़ा नौका हादसा में कुल 62 लोगों की जानें गयीं थीं. इसके अलावा बोरना घाट, बदला घाट, सोनमनकी घाट आदि जगहों पर भी हादसा हो चुका है.
इस संबंध में डीटीओ मनोज कुमार से जब पूछा गया कि जिले में चलने वाली नावों को रजिस्ट्रेशन किया गया है या नहीं तो उन्होंने बताया कि अब तक किसी का आवेदन ही प्राप्त नहीं हुआ है. लेकिन जब मंत्री का सवाल आया तो उन्होंने कहा कि इसके विरुद्ध अभियान चला कर कार्रवाई की जायेगी.
