खगड़िया : बूढ़ी गंडक के जमीनदारी बांध टूटने से मंगलवार को सदर प्रखंड के 250 घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. कासीमपुर पंचायत स्थित मधुआ टोला को नदी के पानी से सुरक्षित रखने के लिए बनाया गया सुरक्षा बांध टूट गया, जिससे मधुआ टोला वार्ड नंबर आठ व नौ के लगभग ढाई सौ घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया. बताया जाता है कि बाढ़ के पानी से अब तक लगभग एक हजार लोग प्रभावित हुए हैं.
सूचना मिलने के बाद मधुआ पहुंच कर अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया. बाढ़ स्थल पर पहुंचे डीएम सैयद परवेज आलम, एसडीओ सुशील कुमार, प्रखंड के वरीय प्रभारी सह आपदा प्रभारी अनुज कुमार व सदर बीडीओ सुनील कुमार ने पीड़ितों को हर संभव सहायता मुहैया कराने का भरोसा दिलाया. स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त जमीनदारी बांध पर बीते कुछ दिनों से बूढ़ी गंडक के पानी का दबाव था. बूढ़ी गंडक में हो रही लगातार वृद्धि के कारण मंगलवार को बांध टूट गया.
कासीमपुर पंचायत के मुखिया अमरजीत कुमार ने बताया कि मधुआ टोले के लगभग एक हजार की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है. जिला प्रशासन द्वारा क्षतिग्रस्त सुरक्षा तटबंध की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है. इधर, बीडीओ श्री कुमार ने बताया कि बाढ़ पीड़ित परिवारों को 15-15 सौ रुपये, एक–एक क्विंटल अनाज, पॉलीथिन व केरोसिन दिये जा रहे हैं. इसके साथ–साथ नियमानुसार अन्य राहत मुहैया करायी जायेगी.
