कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विधवा महिला ने गांव के तीन लोगों पर मारपीट, दुष्कर्म का प्रयास और लूटपाट का आरोप लगाया है. घटना के दौरान महिला को बचाने पहुंचे उसके वृद्ध सास-ससुर के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है. पीड़िता ने मनसाही थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता के अनुसार, गांव के शंकर यादव, सुजीत यादव और अजीत यादव ने रविवार की शाम उसके साथ मारपीट की. आरोप है कि तीनों ने दुष्कर्म का प्रयास भी किया. महिला का कहना है कि इस दौरान उसके तीन छोटे बच्चों के साथ भी मारपीट की गई.
लूटपाट का भी आरोप
आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने दुकान के गल्ले में रखी नकदी और उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली. पीड़िता का कहना है कि शंकर यादव का बेटा अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद करता रहता है, जबकि सुजीत यादव और अजीत यादव उस पर गलत नजर रखते थे और अशोभनीय इशारे किया करते थे.
बीच-बचाव करने पहुंचे सास-ससुर भी घायल
महिला के अनुसार, शोर सुनकर जब उसके वृद्ध सास-ससुर बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की. घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है.
पुलिस ने शुरू की जांच
मनसाही थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार प्रसाद ने बताया कि पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
स्थानीय लोगों ने भी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है.
और पढ़ें : कटिहार रेलवे यार्ड में चोरी करते दो आरोपी गिरफ्तार, रेलवे का सामान बरामद
