– रात भर बिजली की आंखों मिचौली से लोग रहे परेशान – बाजार एरिया से दूर की वार्ड में अधिक है लोगों को आवागमन की परेशानी – कीचड़ भरी सड़कों से आवागमन के दौरान आक्रोशित हो रहे वार्डवासी कटिहार लगातार हो रही बारिश से नगर निगम की सड़कों की स्थिति बद से बदतर है. खासकर बाजार ऐरिया से दूर की वार्ड की सड़कों का हाल बदहाल है. आवागमन में इन वार्ड के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. वार्ड नम्बर एक, दो और तीन पूर्व में जो पंचायत से कुछ अंश काटकर वार्ड में शामिल किया गया. उनलोगों को आज भी पंचायत के बराबर सुविधा नहीं मिलने से लोग आक्रोशित हैं. वार्ड नम्बर एक का रिहायशी मोहल्ला रिफ्यूजी कॉलोनी, केएमसी रोड, कनवा टोला, वार्ड नम्बर दो का इंद्रपुरी, शमशेरगंज, भेरियका रहिका धंगरसी मोहल्ला जाने वाली सड़क की स्थिति काफी खराब है. वार्ड नम्बर एक पीसीसी सड़क पर जलजमाव की समस्या से लोग परेशान हो जाते हैं. इसी तरह वार्ड नम्बर तीन के कई मोहल्लों की सड़कों पर जलभराव हो जाने से लोग आवागमन के समय निगम के पदाधिकारियों के विरूद्ध भड़ास निकालते ही रहते हैं. वार्ड नम्बर दो के शमशेरगंज जाने वाली सड़क पर कई जगहों पर गढ्ढा होने की वजह से जलजमाव की समस्या के साथ साथ कीचड़ होने से लोगों को अपने घर आना जाना मुश्किल हो रहा है. वार्ड नम्बर दो के गुलफराज, जहांगीर, क्षत्रपति शिवाजी, रमण सिंह, संजय ठाकुर, पंकज ठाकुर, ओमप्रकाश यादव समेत अन्य का कहना है कि शमशेगंज जाने वाली एकमात्र खड़ंजा की स्थिति काफी खराब है. यह सड़क वर्षों बाद टुकड़ों में बन रही है. शमशेरगंज मोहल्ले के मस्जिद से सड़क की ढलाई के बाद अब आगे की ओर बढ़ायी गयी है. उसके आगे की सड़क पर गढ्ढा ही गढ्ढा है. इंद्रपुरी जाने के लिए मुख्य सड़क नहीं होने से लोग परेशान इंद्रपुरी मोहल्ले के सत्यजीत कुमार सिंह, अमरजीत सिंह, सुबोध कुमार, कंचन सिंह, वीरेन्द्र कुमार सिन्हा समेत अन्य का कहना है कि इंद्रपुरी मोहल्ला वार्ड नम्बर दो में है. यहां पर करीब दो हजार की संख्या में लोग वास करते हैं. इस मोहल्ले में नामी गिरामी व विभिन्न पदों पर कार्यरत रहने के बाद भी अब तक मुख्य सड़क नहीं रहने के कारण वे लोग परेशान हैं. बीएमपी के बीच से केवल आने जाने के लिए रास्ता छोड़ा गया है. मुख्य सड़क की मरम्मत नहीं होने से हल्की बारिश में ही जलजमाव व कीचड से सन जाती है. जिसका नतीजा है कि लोगों को रात के समय काफी मुश्किल से अपने घर आने जाने की परेशानी होती है. शिकायत के बाद भी नहीं दिया जाता है ध्यान वार्ड नम्बर दो के पार्षद मुर्सरत जहां का कहना है कि वार्ड नम्बर दो में अधिकांश सड़कों का कायाकल्प हुआ है. जहां कच्ची रास्ते थे वहां खड़ंजा और जहां खड़ंजा था उसे पीसीसी में तब्दील कर दी गयी. शमशेरगंज जानेवाली सड़क का कायाकल्प हो रहा है. चार चरणों में इस सड़क का कार्य पूरा किया जायेगा. जबकि इंद्रपुरी मोहल्ले का अपना रास्ता नहीं होने की वजह से कार्य संभव नहीं हो पा रहा है. हालांकि मोहल्ले के अंदर कई सड़कों का कायाकल्प कर दिया गया है. निगम के सभी वार्ड में किया जा रहा है तेजी से विकास नगर निगम के सभी 45 वार्ड में विकास कार्य किया जा रहा है. खासकर सड़क निर्माण में इतिहास रच दिया गया है. जहां पर खड़ंजा सड़क थी उसे पीसीसी में बदला गया है. जहां जहां कच्ची है उसे खड़ंजा कर दिया गया है. कई जगहों पर वैसे सडक का निर्माण नहीं हो पाया है. जहां विवादित है. इसके बाद भी सड़क चिन्हित कर कार्य किया जा रहा है. उषा देवी अग्रवाल, मेयर, नगर निगम
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
