कोढ़ा बावनगंज पंचायत स्थित बड़गांव मेला अपनी सैकड़ों वर्ष पुरानी परंपरा के लिए प्रसिद्ध है. हर साल की तरह इस वर्ष भी विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. यहां मां दुर्गा की पूजा विशेष श्रद्धा और आस्था के साथ की गयी. विशेष परंपरा के तहत पूजा के दिन बलि प्रथा भी निभाई गयी. मेले का प्रमुख आकर्षण आदिवासी समुदाय रहा, जो बड़ी संख्या में पहुंचकर पारंपरिक नृत्य और गीत के साथ मां दुर्गा की आराधना करते हैं. पूजा और बलि प्रथा के बाद पूरे उत्साह के साथ मेला संपन्न हुआ. ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने मेले में शामिल होकर इसे एक ऐतिहासिक अवसर बना दिया. संपूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. इस दौरान कोढ़ा थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार स्वयं पुलिस बल के साथ गश्त करते रहे. प्रशासन की कड़ी चौकसी और पैनी नजर के कारण मेला किसी भी अप्रिय घटना से मुक्त रहा. स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़गांव मेला सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि यह सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को भी जीवित रखे हुए है. यही कारण है कि हर वर्ष दूर-दराज से लोग यहां पहुंचते हैं और इस ऐतिहासिक मेले को अपनी उपस्थिति से खास बनाते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
