नशे की आशंका, युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

नशे की आशंका, युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

– काजी टोला चौक पर मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी मौत की वजह बारसोई प्रखंड के आबादपुर थाना क्षेत्र के काजी टोला चौक पर शुक्रवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. लोगों ने नशीला इंजेक्शन लेने के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है. परिजनों ने कहा, युवक को मिर्गी की बीमारी भी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान भवानीपुर पंचायत के तलवा गांव निवासी नजीबुला के रूप में हुई है. वह दो बच्चों का पिता था. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है तथा परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों के अनुसार युवक को लंबे समय से नशे की लत थी. आशंका है नशे का इंजेक्शन लिया. तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गयी. परिजनों का कहना है कि नजीबुला को पहले से मिर्गी की बीमारी थी और संभव है कि उसी के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गयी हो. लोग मौके पर जुट गये. बाद में जानकारी मिलने पर आबादपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. लोगों ने कहा, काजी टोला चौक के आसपास कुछ दुकानदारों द्वारा नशीले इंजेक्शन और दवाइयों की अवैध बिक्री की जा रही है. क्षेत्र के कई युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं. ग्रामीणों ने एसडीओ व एसडीपीओ से मांग की है युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाय. आबादपुर थानाध्यक्ष शादाब अहमद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा कि युवक की मौत नशे के कारण हुई है या किसी अन्य वजह से. क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >