कटिहार : पंचायती राज विभाग की ओर से उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया. समापन अवसर पर विभिन्न जिलों से पहुंचे चयनित मुखियाओं को सम्मानित किया गया. प्रशिक्षण में कदवा मुखिया संघ के अध्यक्ष सह बलिया बेलौन पंचायत के मुखिया मेराज आलम ने अन्य मुखियाओं के साथ भाग लिया.
पंचायती राज व्यवस्था की बारीकियों से हुए रूबरू
मुखिया मेराज आलम ने बताया कि बिहार के विभिन्न जिलों से चयनित मुखियाओं को पंचायती राज व्यवस्था के प्रभावी संचालन, सुशासन और विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई. प्रशिक्षण के दौरान देहरादून की कई पंचायतों का भ्रमण कर वहां की कार्यप्रणाली का भी अध्ययन कराया गया. उन्होंने कहा कि वहां के सफल मॉडल से मिली सीख को बलिया बेलौन पंचायत में लागू करने का प्रयास किया जाएगा.
डिजिटल पंचायत और स्वच्छता प्रबंधन पर मिला प्रशिक्षण
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में पंचायतों के आधुनिकीकरण, डिजिटल सेवाओं के विस्तार, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, जल-जीवन-हरियाली अभियान, पर्यावरण संरक्षण तथा महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी. साथ ही पंचायत प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाने के उपाय भी बताए गए.
मेराज आलम ने कहा कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव पंचायत के समग्र विकास में उपयोगी साबित होगा. इससे ग्रामीणों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को नई गति मिलेगी.
