कटिहार कुरसेला से अजीत कुमार ठाकुर की रिपोर्ट:
कटिहार: क्षेत्र में सुहागिन महिलाओं ने वट सावित्री व्रत के अवसर पर वट वृक्ष की विधिवत पूजा-अर्चना कर अपने पति के दीर्घायु और अखंड सुहाग की कामना की. महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर सोलह श्रृंगार किया और बांस से बने डाला-सूप में फल, मिठाई, कच्चा सूत आदि लेकर वट वृक्ष की पूजा की.
अहले सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर स्थित वट वृक्षों के समीप महिलाओं की भीड़ जुटने लगी थी. पूजा के दौरान महिलाओं ने मंगल गीत गाए और श्रद्धा भाव से वट वृक्ष की परिक्रमा कर अखंड सौभाग्य की प्रार्थना की. पूरे क्षेत्र में वट सावित्री पूजा को लेकर भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला.
व्रती महिलाओं ने उपवास रखकर पूजा संपन्न की और बरगद के पेड़ के नीचे सत्यवान-सावित्री की कथा का श्रवण किया. इस दौरान नारी शक्ति और पति की लंबी उम्र के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया.
पूजा के समापन पर महिलाओं ने वट वृक्ष के नीचे जल अर्पित कर पति के चरणों में जल समर्पित करने की प्रतीकात्मक परंपरा निभाई और बांस के पंखे से हवा कर सुख-समृद्धि की कामना की.
शहरी से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक वट सावित्री पूजा को लेकर उत्साह देखने को मिला. बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर भी दिनभर भीड़ बनी रही.
