कटिहार : बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के निर्देश पर कटिहार में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों के लिए एचआईवी-एड्स पर एक दिवसीय जागरूकता एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को सदर अस्पताल के सभागार में किया जाएगा. कार्यक्रम में रेलवे सुरक्षा बल के करीब 100 जवान भाग लेंगे.
कटिहार एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) शोनिक प्रकाश ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आरपीएफ जवानों को एचआईवी संक्रमण से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और उपचार की जानकारी देना है. साथ ही एचआईवी के साथ जीवन जी रहे लोगों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना भी कार्यक्रम का प्रमुख लक्ष्य है.
विशेषज्ञ देंगे वैज्ञानिक जानकारी
कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सक एचआईवी संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय, जांच की सुविधा, उपचार की उपलब्धता तथा संक्रमण से जुड़े मिथक और तथ्यों की विस्तार से जानकारी देंगे. इसके अलावा स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर भी चर्चा की जाएगी. प्रतिभागियों के बीच जागरूकता संबंधी प्रचार सामग्री का वितरण भी होगा.
जागरूकता अभियान लगातार जारी
डीपीएम शोनिक प्रकाश ने बताया कि बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देशानुसार जिले में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं. इसी क्रम में हाल ही में शिक्षकों का प्रशिक्षण और मैराथन दौड़ का आयोजन भी किया गया था. कार्यक्रम की रिपोर्ट बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति को भेजी जाएगी.
यह भी पढ़ें : कटिहार एसपी की अपील, शांतिपूर्ण ढंग से करें प्रदर्शन, अफवाहों से रहें दूर
