Red Run Marathon: कटिहार. बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के तत्वावधान में जिला एड्स बचाव व नियंत्रण इकाई, कटिहार द्वारा सोमवार को बीएमपी-7 मैदान में जिला स्तरीय रेड रन मैराथन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के बीच एचआईवी/एड्स की रोकथाम, सुरक्षित रक्तदान और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाना था. जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से चयनित कुल 70 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लिया.
छात्राओं में सुरुचि और छात्रों में राकेश ने मारी बाजी
छात्रा वर्ग में डीएस कॉलेज की सुरुचि कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. महिला कॉलेज की सविता कुमारी दूसरे, जबकि डीएस कॉलेज की सुषमा कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं. महिला कॉलेज की कोमल कुमारी चौथे और डीएस कॉलेज की मुस्कान पांचवें स्थान पर रहीं.वहीं छात्र वर्ग में केबी झा कॉलेज के राकेश कुमार ने पहला स्थान हासिल किया. मजहर हक उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी के मजहर हक दूसरे तथा केबी झा कॉलेज के सूरज कुमार तीसरे स्थान पर रहे. गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज के रवि कुमार रजक और लव कुमार ने क्रमशः चौथा एवं पांचवां स्थान प्राप्त किया.
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
जिला कार्यक्रम प्रबंधक शौनिक प्रकाश ने बताया कि 24 या 26 जुलाई को पटना में राज्य स्तरीय रेड रिबन मैराथन आयोजित होने की संभावना है. इसमें कटिहार जिला स्तरीय प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे.
विजेताओं को किया गया सम्मानित
Red Run Marathon: प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. वहीं सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किया गया. कार्यक्रम का संचालन बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर शुभम कुमार, प्रभारी जिला सुपरवाइजर मिथिलेश कुमार तथा जिला एड्स बचाव व नियंत्रण इकाई के अकाउंटेंट प्रभाकर लाल दास ने किया.इस अवसर पर पीपीटीसीटी काउंसलर आभा कुमारी, आईसीटीसी के राहुल कुमार, अश्वनी झा, नवीन सेन, पवन कुमार तथा विभिन्न महाविद्यालयों के एनसीसी एवं एनएसएस प्रभारी भी उपस्थित रहे.
