बरसात से पहले अधूरी छोड़ दी सड़क, गेड़ाबाड़ी वार्ड-5 में कीचड़ से बढ़ी लोगों की परेशानी

Gerabari Road Construction: कटिहार के कोढ़ा नगर पंचायत के गेड़ाबाड़ी वार्ड-5 में सड़क निर्माण अधूरा रहने से बारिश के बाद सड़क कीचड़ में बदल गई है. ग्रामीणों ने जल्द निर्माण पूरा कराने और आवागमन की सुविधा बहाल करने की मांग की है.

कटिहार के कोढ़ा से अमीर सोहेल की रिपोर्ट:

Gerabari Road Construction: कोढ़ा नगर पंचायत के गेड़ाबाड़ी वार्ड संख्या-5 में सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है. बरसात की शुरुआत के साथ ही सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने सड़क पर केवल मिट्टी डालकर काम रोक दिया, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है.
कीचड़ में फसी गाड़ी को निकलते ड्राइवर

हल्की बारिश में ही सड़क बनी दलदल

स्थानीय निवासी शुभम ने बताया कि कुछ दिन पहले सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ था. लोगों को उम्मीद थी कि बरसात से पहले सड़क का निर्माण पूरा हो जाएगा, लेकिन निर्माण एजेंसी ने केवल मिट्टी डालकर काम अधूरा छोड़ दिया. इसके बाद हुई हल्की बारिश से पूरी सड़क दलदल में बदल गई.

राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी

कीचड़युक्त सड़क से गुजरने में पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. आए दिन बाइक और छोटे वाहन कीचड़ में फंस रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है.

एंबुलेंस के फंसने की भी आशंका

ग्रामीणों का कहना है कि सबसे गंभीर स्थिति आपातकाल के समय उत्पन्न होती है. यदि किसी मरीज को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलानी पड़े तो उसके भी कीचड़ में फंसने का खतरा बना रहता है, जिससे मरीज की जान जोखिम में पड़ सकती है.

और पढ़ें: कटिहार में सुबह की बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी से मिली राहत

ग्रामीणों में नाराजगी, जल्द निर्माण पूरा करने की मांग

स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय पर सड़क का निर्माण पूरा कर दिया जाता तो यह स्थिति नहीं बनती. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए, ताकि बरसात के दौरान लोगों को राहत मिल सके. उनका कहना है कि अधूरी सड़क केवल असुविधा ही नहीं, बल्कि किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकती है.

और पढ़ें: कोढ़ा पुलिस की कार्रवाई, वांछित अभियुक्त के घर से 5 लाख रुपये बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >