नाव पलटने से पांच किसान डूबे, तीन बचे, दो लापता

नाव पलटने से पांच किसान डूबे, तीन बचे, दो लापता

– घटना के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद दो किसानों का अबतक नहीं चल सका पता – एसडीआरएफ की टीम गंगा, कोसी नदी में लापता किसानों की दिन भर करती रही खोज कुरसेला कुरसेला में कोसी-गंगा संगम पर गुरुवार की दोपहर तेज हवा में छोटी नाव अचानक पलट गयी. नाव पर सवार पांच किसान नदी में डूब गये. इनमें से तीन किसानों ने किसी तरह तैर कर अपनी जान बचायी जबकि, दो किसान नदी की तेज बहाव में लापता हो गये. जिसका अबतक कहीं पता नहीं चल सका है.सभी किसान नाव से गंगा पार दियारा में खेसारी फसल की बोआई कर वापस घर लौट रहे थे. बीच नदी में नाव का पाल खड़ा करने के प्रयास में नाव पलटी खाकर डूब गयी. नाव पर कुरसेला थाना क्षेत्र के खेरिया गांव निवासी वकील परिहार, इंदल मंडल, सुदामा चौधरी, संतलाल सहनी, फुलेश्वर मंडल सवार थे. इनमें तीन ने तैर कर अपनी जान बचायी. फुलेश्वर मंडल (70) व संतलाल सहनी (65) नदी की तेज बहाव में डूब कर लापता हो गये. खेरिया घाट पर किसानों के परिजनों के साथ ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. कुरसेला थाना की पुलिस व अंचल कर्मी राजस्व कर्मचारी आकाश कुमार मिश्रा पहुंचे और नाव और स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से तलाश शुरू की. नदी में देर शाम तक लापता लोगों को तलाश करने में सफलता नहीं मिल सकी. अंधेरा होने पर नदी में लापता लोगों को तलाशने का कार्य बंद कर दिया गया. लापता लोगों के तलाश के लिए कटिहार से एसडीआरएफ दल को बुलाया गया. एसडीआरएफ ने शुक्रवार सुबह खेरिया घाट पहुंच कर मोटर वोट से नदी में लापता किसान की तलाश शुरू की. समाचार प्रेषण तक लापता दोनों किसान बरामद नहीं हो सके. नदी में अधिक उफान होने से लापता को तलाश करने में कठिनाई बनी हुई थी. घटना के चौबीस घंटा बीत जाने के बाद लापता किसानों की बरामदगी नहीं होने से पीड़ित परिवार के लोग अनहोनी आशंकाओं को लेकर सहमे हुए थे. परिवार में महिलाओं के क्रंदन रुदन से माहौल गमगीन बना हुआ है. गोबराही दियारा धार में नाव डूबी कुरसेला कुरसेला के गोबराही दियारा में दुर्गा स्थान टोला के पास धार में छोटी नाव डूब गयी. नाव पर दस से अधिक लोग सवार थे. नाव डूबने पर सवार लोगों ने तैर कर अपनी जान बचायी. धार में नाव डूबने की घटना में किसी के डूबने की खबर नहीं है. नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे. जिस वजह से नाव डूब गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >