कोढ़ा प्रखंड कार्यालय सभागार में डीएम मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. इस दौरान विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विभागीय कार्यों की प्रगति पर विस्तार से समीक्षा की गयी. बैठक में कोढ़ा बीडीओ राजकुमार पंडित, अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रखंड कार्यालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे. जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक सुपरवाइजर से उनके क्षेत्र में संचालित योजनाओं की स्थिति का विवरण लिया और समयबद्ध कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने विशेष तौर पर शौचालय निर्माण, आवास योजना, जल-जीवन-हरियाली मिशन, पोषण अभियान, पेंशन वितरण जैसे जनहितकारी योजनाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की. उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और फील्ड विजिट बढ़ाने पर जोर दिया. बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले. इसके लिए सुपरवाइजर की भूमिका बेहद अहम है. किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
