कटिहार : पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत मंगलवार को जिला पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में कुल 96 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया.
पुलिस ने थाना में दर्ज मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के अलावा चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, दहेज उत्पीड़न, जमीन विवाद में मारपीट सहित अन्य मामलों में वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया.
अभियान के दौरान पुलिस ने एक चार पहिया वाहन, दो मोटरसाइकिल, एक टेंपो, तीन बकरियां, 145 लीटर देशी शराब तथा 66.45 लीटर विदेशी शराब जब्त की. वहीं सघन वाहन जांच अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 91,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया.
जिला पुलिस ने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संवेदनशील स्थलों, बैंक, एटीएम तथा अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों पर लगातार गश्ती की जा रही है. साथ ही असामाजिक तत्वों और अपराधियों की गिरफ्तारी, शराब के सेवन, बिक्री, भंडारण, निर्माण एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने, देशी शराब की भट्टियों को ध्वस्त करने तथा सघन वाहन जांच अभियान लगातार जारी है.
