कटिहार : शहर के हवाई अड्डा चौक क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर न्यायालय के आदेश की कथित अवहेलना करते हुए निर्माण कार्य जारी रखने का मामला सामने आया है. इस संबंध में वार्ड संख्या 41 निवासी संजय सिंह ने अनुमंडल पदाधिकारी, कटिहार को आवेदन देकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है.
आवेदन में संजय सिंह ने बताया कि विवादित संपत्ति को लेकर कटिहार न्यायालय में मामला विचाराधीन है. उनके अनुसार, अवर न्यायाधीश प्रथम, कटिहार की अदालत ने तीन जुलाई 2026 को निषेधाज्ञा से संबंधित आदेश पारित किया था. आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद विवादित जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है.
जमीन का स्वरूप बदलने का आरोप
संजय सिंह ने नूतन देवी, गुलशन मिश्रा और दीपक मिश्रा उर्फ बिट्टू मिश्रा पर विवादित संपत्ति का स्वरूप बदलने तथा संयुक्त संपत्ति के कुछ हिस्से पर कथित रूप से अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि मामले को लेकर पूर्व में भी कई बार लिखित शिकायत की जा चुकी है.
आवेदन के अनुसार, पुलिस की ओर से संबंधित लोगों को निर्माण कार्य नहीं करने की चेतावनी भी दी गयी थी. इसके बावजूद कथित रूप से दिनदहाड़े निर्माण कार्य जारी रखा गया.
विवाद बढ़ने की जतायी आशंका
आवेदक ने आवेदन में संबंधित लोगों के साथ पूर्व से गंभीर विवाद होने का भी उल्लेख किया है. उन्होंने दावा किया कि उनके और उनके परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने के मामले में प्राथमिकी संख्या 751 दर्ज है.
संजय सिंह ने कहा कि न्यायालय के आदेश और पुलिस की चेतावनी के बावजूद निर्माण जारी रहने से विवाद बढ़ने तथा अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है. उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी से मामले की जांच कर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है.
