– नामांकन के साथ ही प्रखंड में चुनावी माहौल गर्म, 20 अप्रैल को होगा फैसला बारसोई बारसोई प्रखंड में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया ने चुनावी माहौल को पूरी तरह से गर्म कर दिया है. प्रखंड मुख्यालय से लेकर पंचायत स्तर तक दिनभर गहमागहमी बनी रही. अभ्यर्थियों व समर्थकों की भीड़ ने यह साफ संकेत दे दिया है कि इस बार का चुनाव काफी अहम और दिलचस्प होने वाला है. नामांकन के दौरान चार पंचायतों शिकारपुर, आबादपुर, सुल्तानपुर, मौलानापुर में आपसी सहमति के चलते अध्यक्ष पद पर अभ्यर्थियों का निर्विरोध चयन हो गया. शिकारपुर से जिन्नाह, आबादपुर से मरियम बेगम, सुल्तानपुर से रिहान तथा मौलानापुर से इंतेसार आलम के निर्विरोध चुने जाने से इन क्षेत्रों में उत्साह और संतोष का माहौल है. बिघोर हाट पंचायत में मुकाबला बेहद रोचक मोड़ ले चुका है. यहां चार प्रत्याशी आलाया खातून, रोसना खातून, मोमिन और जमाल अंसारी मैदान में डटे हैं. चारों के बीच कड़ी टक्कर की संभावना से चुनावी चर्चा तेज हो गई है. गांव-गांव में रणनीतियां बननी शुरू हो गई हैं. नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा. प्रखंड कार्यालय में सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. जहां एक ओर निर्विरोध चयन वाले पंचायतों में खुशी का माहौल है. बिघोर हाट पंचायत में चुनाव को लेकर लोगों की दिलचस्पी लगातार बढ़ती जा रही है. अब सभी की निगाहें आगामी तिथियों पर टिकी हैं. सहायक निर्वाची पदाधिकारी मुमताज अहमद ने बताया कि 11 अप्रैल को स्क्रूटिनी, 13 अप्रैल को नाम वापसी तथा 20 अप्रैल को मतदान के साथ ही मतगणना भी कराई जायेगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जायेगा.
बारसोई पैक्स चुनाव: चार पंचायतों में बनी सहमति
बारसोई पैक्स चुनाव: चार पंचायतों में बनी सहमति
