– कोढ़ा के बैजनाथपुर सिमरिया में दहशत, आरोपित पर पहले से दर्ज है केस कोढ़ा कोढ़ा थाना क्षेत्र से जुड़ा एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के कारण सुर्खियों में है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक युवक देसी कट्टा में जिंदा कारतूस डालते हुए दिखाया जा रहा है. बताया जा रहा है यह वीडियो करीब एक साल पुराना है. जिसकी आधिकारिक पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है. वीडियो के वायरल होते ही इलाके में सनसनी फैल गयी है. ताज़ा मामला कोढ़ा थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर सिमरिया गांव का है. आरोप है कि गांव निवासी सद्दाम पिता तमीजुद्दीन ने 18 जनवरी को अपने ही गांव के दुलाल के घर पर धावा बोला. गाली-गलौज के दौरान उसने हथियार लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी. स्थानीय लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपित घबरा गया. अपनी स्कूटी मौके पर छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोढ़ा पुलिस ने जब स्कूटी की तलाशी ली, तो उसमें से दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने स्कूटी और कारतूस को जब्त कर मामले में विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की. बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो सामने आने से पहले ही कोलासी शिविर पुलिस आरोपित के खिलाफ एक अन्य मामले में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कर रही थी. इसी दौरान हथियार से जुड़े वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला और गंभीर हो गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस इस पूरे प्रकरण की गहराई से निष्पक्ष जांच करे, तो मुंगेर से कटिहार और बंगाल की सीमा तक फैले हथियार तस्करी के नेटवर्क की परतें खुल सकती हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
