– करीब पांच किलोमीटर तटबंध के उपर अच्छी कालीकृत सड़क का होगा निर्माण कटिहार पूर्व उप मुख्यमंत्री सह विधायक तारकिशोर प्रसाद ने बताया कि कटिहार शहर की बाढ़ से सुरक्षा के लिए कारी कोशी तटबंध का शीघ्र कायाकल्प होगा. उन्होंने बताया कि तटबंध के सुदृढ़ीकरण के साथ ही इसके उपर सुगम आवागमन के लिए कालीकृत रोड भी बनायी जायेगी. 05 किलोमीटर लंबी इस तटबंध के सुदृढ़ीकरण एवं इसके उपर पथ के निर्माण कार्य में 14 करोड़ 82 लाख 34 हजार की राशि ब्यय की जायेगी. जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है. ज्ञातव्य है कि पूर्व उप मुख्यमंत्री ने तटबंध के सुदृढ़ीकरण एवं इसके उपर पथ निर्माण के लिए सदन में अपने तारांकित प्रश्न के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट करने के साथ ही मंत्री, जल संसाधन विभाग से भी पत्राचार के माध्यम से तटबंध के सुदृढ़ीकरण एवं शीर्ष पर कालीकरण के लिए अविलंब आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही थी. उन्होंने बताया कि तटबंध के सुदृढ़़ीकरण एवं उसके उपर कालीकृत पथ के निर्माण से नगर के वार्ड संख्या- 06,07,09,10,12,40,41 तथा 42 हृदयगंज, हाजीपुर, बुद्धूचक, लोहिया नगर, बरमसिया, गौशाला, हवाई अड्डा, ललियाही, महंत नगर, शरीफगंज आदि क्षेत्र में निवास करने वाली बड़ी आबादी को यातायात व परिवहन में सुविधा के साथ ही इस तटबंध से कोढ़ा प्रखंड के कई पंचायतों में आवागमन किया जा सकेगा. तटबंध के शीघ्र कायाकल्प होने की सूचना मिलने से क्षेत्र के लोगों में काफी प्रसन्नता देखी जा रही है. लोगों ने इसके लिए पूर्व उप मुख्यमंत्री के प्रति आभार एवं हर्ष व्यक्त किया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
