Kaimur Crime News : कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रूपापट्टी नहर पुल के समीप शनिवार देर शाम मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पीड़ित ने गांव के ही एक युवक पर मारपीट, मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये छीनने का आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
पैसों के विवाद में हुआ हमला
घायल की पहचान रूपापट्टी गांव निवासी मनोज बिंद के रूप में हुई है. पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह मुंडेश्वरी से मजदूरी कर घर लौट रहा था. जैसे ही वह रूपापट्टी नहर पुल के पास पहुंचा, गांव के गौतम पटेल ने रुपये के लेनदेन को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपी ने तलवार से हमला कर दिया.
बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी से भी मारपीट
हमले में मनोज बिंद के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा. शोर सुनकर उसकी पत्नी मौके पर पहुंची तो आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की. आसपास के लोगों की भीड़ जुटने के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ.
मोबाइल और नकदी छीनने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी उसका मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये भी छीनकर फरार हो गया. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया गया.
एफआईआर दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
इलाज के बाद मनोज बिंद ने चैनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी बिंदुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
