Kaimur News : थाना क्षेत्र के सिरबीट गांव की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं होने पर लगातार मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर जब्बार भाट की पुत्री फरजाना खातून ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है.
शादी के कुछ दिनों बाद शुरू हुई बुलेट की मांग
प्राथमिकी के आवेदन के अनुसार, वर्ष 2022 में फरजाना खातून की शादी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के महना गांव निवासी मोहम्मद नबीसरवर के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी. आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही पति की ओर से बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी. मायके पक्ष ने आर्थिक असमर्थता जताते हुए समय मांगा, लेकिन मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ मारपीट और बदसलूकी का सिलसिला जारी रहा.
बच्चा होने के बाद भी प्रताड़ना का आरोप
विवाहिता के अनुसार, इसी दौरान उसने एक पुत्र को जन्म दिया, जिसकी उम्र करीब तीन वर्ष है. इसके बाद वह दोबारा गर्भवती हुई. आरोप है कि बुलेट मोटरसाइकिल नहीं मिलने पर उसे ससुराल से निकाल दिया गया और कहा गया कि बुलेट लेकर आने के बाद ही उसे वापस घर में रखा जायेगा.
मायके में बच्ची को दिया जन्म
ससुराल से निकाले जाने के बाद फरजाना अपने मायके पहुंची, जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया. पिता के समझाने के बाद वह दोबारा ससुराल गयी, लेकिन आरोप है कि वहां फिर से प्रताड़ना शुरू हो गयी. इसके बाद ससुर उसे मायके पहुंचा गये.
नवजात बच्ची की तबीयत बिगड़ने से मौत
विवाहिता के आवेदन के अनुसार, इसी बीच उसकी नवजात बच्ची की तबीयत बिगड़ गयी और एक सितंबर को उसकी मौत हो गयी. बच्ची की मौत की सूचना मिलने के बाद पति कथित तौर पर तीन अज्ञात लोगों के साथ शाम करीब पांच बजे विवाहिता के मायके पहुंचा.
Also Read : किसानों के सामने एमएसपी, मनरेगा और कॉरपोरेटीकरण बड़ी चुनौती: एआईकेएमएस
विवाहिता और उसके पिता से मारपीट का आरोप
आरोप है कि मायके पहुंचने के बाद पति और उसके साथ आये लोगों ने फरजाना व उसके पिता के साथ मारपीट की. शोर सुनकर ग्रामीणों के जुटने पर सभी मौके से भाग निकले. इस दौरान आरोपितों की हीरो स्प्लेंडर बाइक मौके पर ही छूट गयी.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि विवाहिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
Also Read : सासाराम से चोरी का ट्रक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से लावारिस हालत में बरामद
