गलत आरोप लगाकर युवकों को मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को पढ़ौती गांव की दर्जनों महिलाएं और पुरुष अपने परिजनों के साथ भभुआ समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय पहुंचे. ग्रामीणों ने एसपी शिखर चौधरी को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और निर्दोष लोगों को न्याय दिलाने की मांग की.
एससी-एसटी थाना में दर्ज मुकदमे को बताया गलत
आवेदन देने पहुंची पढ़ौती गांव निवासी मनोज सिंह की पत्नी संगीता देवी ने बताया कि गांव की ही ओमप्रकाश राम की पत्नी संतरा देवी और उनकी पुत्री प्रियांशु कुमारी ने उनके पति, देवर और बेटे के खिलाफ एससी-एसटी थाना में गलत आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है. संगीता देवी ने आरोपों को निराधार बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
मारपीट और छेड़खानी के आरोपों से ग्रामीणों ने किया इनकार
वहीं, संतरा देवी के पट्टीदार रामप्रवेश राम ने भी एसपी को आवेदन देकर मामले की जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि संतरा देवी उनकी पट्टीदार हैं और संतरा देवी व उनकी पुत्री की ओर से भभुआ एससी-एसटी थाना में रमेश सिंह कुशवाहा सहित उनके भाई-भतीजों के खिलाफ गलत तरीके से मुकदमा दर्ज कराया गया है. ग्रामीणों का कहना था कि नामजद लोगों की ओर से मारपीट या छेड़खानी जैसी कोई घटना नहीं की गयी है और वे सभी निर्दोष हैं.
एसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा
ग्रामीणों ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने की मांग की, ताकि किसी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो. ग्रामीणों से आवेदन लेने के बाद एसपी शिखर चौधरी ने मामले की जांच कराने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया.
मौके पर नंदू सिंह, रंजीत कुमार, सुदर्शन सिंह, श्याम लाल, राम लाल, बहादुर राम, शिव मूरत राम, लीलावती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
