आवास योजना की जांच के दौरान सहायक का पैसे लेने का वीडियो वायरल
KAIMUR NEWS.प्रखंड क्षेत्र की मदुरना पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना की जांच के दौरान एक आवास सहायक द्वारा लाभुक से पैसे लिये जाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मदुरना पंचायत का बताया जा रहा वीडियो, सोशल मीडिया पर तेजी से हो रहा प्रसारित
चैनपुर.
प्रखंड क्षेत्र की मदुरना पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना की जांच के दौरान एक आवास सहायक द्वारा लाभुक से पैसे लिये जाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और एक बार फिर जनकल्याणकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोपों को हवा देता नजर आ रहा है. वायरल वीडियो को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और लोग इसे आवास योजना में व्याप्त भ्रष्टाचार का उदाहरण बता रहे हैं. हालांकि प्रभात खबर इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो चोरी-छिपे बनाया गया है. वायरल फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि एक आवास सहायक कथित तौर पर एक व्यक्ति से पैसे लेता है और बाद में वह राशि अपनी जेब में रख लेता है. वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं. जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा आवास सहायक रामगढ़ पंचायत का बताया जा रहा है, जिसका नाम सौरभ पांडेय बताया गया है. कहा जा रहा है कि उन्हें मदुरना पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी. ऐसे में यदि आरोप सही हैं तो उनके कार्यशैली और दायित्व निर्वहन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
आवास योजना की जांच के नाम पर लाभुकों से अवैध वसूली का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि आवास योजना की जांच के नाम पर लाभुकों से अवैध वसूली की जा रही है. उनका कहना है कि भ्रष्टाचार के कारण वास्तविक गरीब और झोपड़ी में रहने वाले लोग योजना के लाभ से वंचित रह जाते हैं, जबकि सक्षम लोग पैसे के बल पर लाभ उठा लेते हैं. लोगों ने अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से योजनाओं में लूट-खसूट होने का भी आरोप लगाया है.फिलहाल यह देखना अहम होगा कि प्रशासन वायरल वीडियो को कितनी गंभीरता से लेता है और मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाने के लिये क्या कदम उठाता है.
क्या कहते हैं आवास सहायक
इस संबंध में जब आवास सहायक सौरभ पांडेय से वायरल वीडियो को लेकर पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वह पैसा संबंधित व्यक्ति ने संदीप को देने के लिए दिया था, क्योंकि संदीप का पैसा उस व्यक्ति पर बकाया था.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.