प्रतिनिधि, नुआंव सोमवार की रात थाना क्षेत्र के अखिनी चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने 189 लीटर शराब से भरी एक स्कॉर्पियो सहित दो शराब धंधेबाजों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पकड़े गये आरोपितों में 21 वर्षीय चालक मुरलीधर, पिता रणबहादुर सिंह, करहगर थाना के सोनबरसा गांव का निवासी है, जबकि दूसरा 28 वर्षीय राजू कुमार, पिता मुद्रिका पासवान, करहगर थाना क्षेत्र के सरया गांव का रहने वाला है. उक्त मामले की जानकारी देते हुए उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर संजय शर्मा ने बताया कि सोमवार की रात करीब 12 बजे गुप्त सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश के दिलदारनगर से अखिनी नदी पुल के रास्ते आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो (यूपी 65 बीटी 1953) को गारा चौबे नहर के महरथा पुल के पास स्थित चेकपोस्ट पर रोककर जांच की गयी. जांच के दौरान वाहन से 189 लीटर देसी ब्लू लाइन शराब बरामद की गयी.कार्रवाई के दौरान सब इंस्पेक्टर अमरेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिस जवान मौजूद रहे. पकड़े गये दोनों आरोपितों को मंगलवार की सुबह वाहन सहित उत्पाद अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किया गया. बताते चलें कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद यूपी-बिहार सीमा पर अखिनी गांव के पास शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए चेकपोस्ट बनाया गया था, जहां यूपी से बिहार में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जाती थी. लगभग एक वर्ष पूर्व गारा चौबे नहर पथ पर बाइक से शराब ला रहे एक तस्कर को पकड़ा गया था, लेकिन उसके समर्थकों ने उत्पाद टीम पर जानलेवा हमला कर तस्कर को छुड़ा लिया था. इस मामले में अखिनी गांव के कुछ लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. इसके बाद विभाग ने अखिनी पुलिस पिकेट को नदी पुल से हटाकर महरथा गांव के नहर पुल के पास शिफ्ट किया. अब उत्पाद टीम अखिनी गांव से आने वाली मुख्य सड़क व गारा चौबे नहर पथ से अकोल्ही कारीराम की ओर से आने वाले वाहनों की जांच करती है. दोनों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों की तस्वीर पिकेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो जाती है.हालांकि टीन शेड में ड्यूटी कर रही उत्पाद टीम को अब भी कई बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है, ताकि शराब तस्करों पर प्रभावी रूप से लगाम लगायी जा सके.
अखिनी पुलिस पिकेट से 189 लीटर शराब व स्कॉर्पियो के साथ दो गिरफ्तार
KAIMUR NEWS.सोमवार की रात थाना क्षेत्र के अखिनी चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने 189 लीटर शराब से भरी एक स्कॉर्पियो सहित दो शराब धंधेबाजों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
