अनियंत्रित हाइवा ने छात्र को मारी टक्कर, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया रोड जाम

पीएनसी कंपनी के निर्माण कार्य में लगे एक हाइवा ट्रक ने मिट्टी ले जाने के दौरान साइकिल सवार 10 वर्षीय छात्र को टक्कर मार दी व भाग निकला.

भारतमाला परियोजना में लगे ओवरलोड वाहनों की रफ्तार से लोग सहमे, प्रशासन मौन रामपुर. करमचट थाना क्षेत्र अंतर्गत झलखोरा गांव के पास सोन उच्च स्तरीय नहर पथ पर पीएनसी कंपनी के निर्माण कार्य में लगे एक हाइवा ट्रक ने मिट्टी ले जाने के दौरान साइकिल सवार 10 वर्षीय छात्र को टक्कर मार दी व भाग निकला. हादसे में छात्र सड़क किनारे चाट में जा गिरकर बेसुध हो गया. हालांकि, वह बाल-बाल बच गया. राहगीरों ने छात्र को उठाकर किनारे किया व परिजनों को सूचित किया. घायल छात्र लोहन्दी गांव निवासी महेंद्र राम का पुत्र राजा कुमार बताया जाता है, जिसे इलाज के लिए निजी क्लिनिक ले जाया गया. इस घटना के बाद ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर मुख्य नहर पथ को जाम कर दिया, जिससे बगही पुल से झलखोरा तक लगभग एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा. सूचना पर पहुंची करमचट पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया. जानकारी के अनुसार, घायल छात्र साइकिल से लोहन्दी से चेनारी पढ़ने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उसे टक्कर मारी. नियमों की उड़ रही धज्जियां भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए पीएनसी कंपनी द्वारा लगातार ओवरलोड मिट्टी की ढुलाई की जा रही है. दिन-रात तेज रफ्तार वाहनों पर कोई लगाम नहीं है. स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पथ पर भारी वाहनों के परिचालन की अनुमति नहीं है, फिर भी दर्जनों हाइवा यहां फर्राटा भर रहे हैं. बिना नंबर प्लेट के चलाये जा रहे इन ट्रकों के कारण सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है व जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बन गये हैं. धूल व कीचड़ से जनता परेशान सिंचाई विभाग द्वारा भारी वाहनों पर रोक का बोर्ड लगाये जाने के बावजूद खुलेआम नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है. मिट्टी गिरने के कारण सड़क पर मोटी परत जम गयी है, जिससे पूरे इलाके में धूल का गुबार छाया रहता है. स्कूली बच्चों व बुजुर्गों का सांस लेना मुश्किल हो गया है. जब धूल दबाने के लिए पानी डाला जाता है, तो सड़क पर फिसलन हो जाती है, जिससे बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं. इस मामले में करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि छात्र को हल्की चोट लगी थी व वह सुरक्षित है. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग आंखें मूंद कर बैठा है व कंपनी के आगे नतमस्तक हो गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >