Kaimur News : थाना क्षेत्र के अखलासपुर गांव में मकान मालिक के कमरे का दरवाजा तोड़कर 81 हजार रुपये नकद और सोने की नथिया व चांदी की पायल चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक किन्नर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किन्नर की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव निवासी कमलेश के रूप में हुई है. चोरी में सहयोग करने वाला उसका साथी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है.
मकान के ऊपरी तल पर किराये पर रहता था आरोपी
मामले में अखलासपुर गांव निवासी तूफानी नोनिया ने भभुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी कमलेश उसके मकान के ऊपरी तल पर किराये पर रहता था. तीन तारीख को उसने उसके पिता के कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे 81 हजार रुपये नकद, सोने की नथिया और चांदी की पायल चोरी कर ली.
मेन गेट खुलवाकर फरार होने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, चोरी के बाद आरोपी सुबह करीब चार बजे उसके पिता से ही मकान का मेन गेट खुलवाकर फरार हो गया. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की.
Also Read : किसानों के सामने एमएसपी, मनरेगा और कॉरपोरेटीकरण बड़ी चुनौती: एआईकेएमएस
साथी की तलाश में जुटी पुलिस
चोरी में किन्नर का सहयोग करने वाला उसका साथी बेलांव थाना क्षेत्र के अहीरांव गांव निवासी चंदन विंद बताया जाता है. घटना के बाद से चंदन विंद फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है.
अपने गांव से गिरफ्तार किया गया कमलेश
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने आरोपी किन्नर कमलेश को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
अन्य चोरी की घटनाओं में भी संलिप्तता का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किन्नर कमलेश पर भभुआ, अखलासपुर और आसपास के गांवों में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने का आरोप है. पुलिस इन मामलों में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है.
Also Read : सासाराम में पटेल सेवा संघ की स्मारिका के प्रकाशन की तैयारी, कोर कमिटी की बैठक में बनी रूपरेखा
