Kaimur News : कुदरा नगर पंचायत कुदरा में गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गयी. ढोल-नगाड़ों और जय जगन्नाथ के जयघोष के बीच श्री जगन्नाथ मंदिर से रथयात्रा शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.
तीनों रथों पर विराजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा
रामलीला मैदान स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के मुख्य द्वार के समीप खड़े नंदीघोष रथ पर भगवान जगन्नाथ विराजमान हुए. तालध्वज रथ पर भगवान बलभद्र तथा दर्पदलन रथ पर माता सुभद्रा सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले और श्रद्धालुओं को दर्शन दिए.
श्रद्धालुओं ने खींची रथ की डोर
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रथयात्रा रामलीला मैदान से मुख्य बाजार, महावीर स्थान, शिव चौक, ओवरब्रिज, एनएच सर्विस रोड, स्टेशन रोड और थाना मोड़ होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची. सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ की डोर खींची. तेज धूप भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी.
जगह-जगह पेयजल की रही व्यवस्था
रथयात्रा मार्ग में समाजसेवियों की ओर से जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था की गयी थी. श्रद्धालु जलपान कर अपनी प्यास बुझाते हुए यात्रा में शामिल रहे. भजन-कीर्तन और जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.
भंडारे के साथ हुआ रथयात्रा का समापन
रथयात्रा के दौरान पुलिस पदाधिकारी, महिला एवं पुरुष पुलिस बल, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे. नगर भ्रमण के बाद रथयात्रा का समापन श्री जगन्नाथ मंदिर में हुआ. इसके बाद आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.
