आरटीपीएस काउंटर के सामने बना मोटरसाइकिल स्टैंड, आवेदन जमा करने में लोगों को परेशानी

अधौरा अंचल कार्यालय के आरटीपीएस काउंटर के सामने बाइक खड़ी होने से आम लोगों को आवेदन जमा करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन से कार्रवाई की मांग।

Kaimur News : अधौरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में स्थित आरटीपीएस काउंटर के सामने इन दिनों मोटरसाइकिल स्टैंड जैसी स्थिति बनी हुई है. कार्यालय खुलते ही बड़ी संख्या में लोग अपने दोपहिया वाहन काउंटर के ठीक सामने खड़े कर देते हैं. इससे विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित आवेदन और फॉर्म जमा करने आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

वाहनों के बीच से गुजरने को मजबूर लोग

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरटीपीएस काउंटर आम लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्थान है. यहां जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र समेत विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित आवेदन जमा करने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. लेकिन काउंटर के सामने मोटरसाइकिलें खड़ी रहने के कारण लोगों को आने-जाने और आवेदन जमा करने में परेशानी होती है. कई बार लोगों को वाहनों के बीच से होकर काउंटर तक पहुंचना पड़ता है.

होमगार्ड की मौजूदगी के बावजूद नहीं बनी व्यवस्था

स्थानीय लोगों ने बताया कि कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था के लिए होमगार्ड के जवान भी परिसर में तैनात रहते हैं. इसके बावजूद आरटीपीएस काउंटर के सामने प्रतिदिन मोटरसाइकिलें खड़ी होती रहती हैं. कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी नियमित रूप से परिसर में आते-जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है.

अलग पार्किंग की व्यवस्था की मांग

लोगों का कहना है कि यदि कार्यालय परिसर में वाहनों को खड़ा करने के लिए अलग स्थान निर्धारित कर दिया जाए और आरटीपीएस काउंटर के सामने वाहन खड़ा करने पर रोक लगा दी जाए, तो आम लोगों को काफी राहत मिल सकती है.

स्थानीय लोगों ने प्रखंड एवं अंचल प्रशासन से आरटीपीएस काउंटर के सामने से मोटरसाइकिलें हटवाने, आवागमन सुचारु कराने और परिसर में निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि इससे सरकारी काम से आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >