Kaimur News : पिछले वर्ष हिंदी टिप्पण परीक्षा में सामने आये फर्जीवाड़े के बाद इस बार जिला प्रशासन ने विशेष सख्ती बरती. राजभाषा विभाग की ओर से रविवार को शहर के प्लस टू हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर आयोजित हिंदी टिप्पण परीक्षा कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. परीक्षा एक ही पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक हुई.
704 में 631 कर्मियों ने दी परीक्षा, 73 रहे अनुपस्थित
जिला स्थापना शाखा से मिली जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत 704 कर्मियों को परीक्षा में शामिल होना था. इनमें 631 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 73 अनुपस्थित रहे. परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की गहन जांच की गयी. पहचान पत्र का सत्यापन और तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति दी गयी.
पिछले साल चार फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गये थे
गौरतलब है कि पिछले वर्ष इसी परीक्षा के दौरान चार पुलिसकर्मियों के नाम पर दूसरे लोगों द्वारा फर्जी तरीके से परीक्षा देने का मामला सामने आया था. जांच में फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के बाद चारों फर्जी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. संबंधित पुलिसकर्मियों को भी निलंबित किया गया था.
प्रशासन ने इस बार प्रवेश से लेकर परीक्षा कक्ष तक बढ़ायी निगरानी
पिछली घटना से सबक लेते हुए इस बार प्रशासन ने पहचान सत्यापन, तलाशी और सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत किया. परीक्षा केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा भवन के विभिन्न हिस्सों तक पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गयी थी. किसी भी तरह की अनियमितता रोकने के लिए अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे.
अपर समाहर्ताओं ने संभाली परीक्षा की कमान
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी. अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) को परीक्षा पर्यवेक्षक बनाया गया, जबकि अपर समाहर्ता (राजस्व) को केंद्र अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गयी. दोनों अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्धारित नियमों के अनुसार परीक्षा संचालन सुनिश्चित किया.
सरकारी कर्मियों की हिंदी क्षमता का हुआ आकलन
राजभाषा विभाग की इस परीक्षा में जिले के विभिन्न सरकारी विभागों और कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों ने हिस्सा लिया. हिंदी टिप्पण परीक्षा का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और कर्मचारियों की हिंदी टिप्पण एवं प्रारूपण क्षमता का आकलन करना है.
परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी परीक्षार्थी शांतिपूर्वक केंद्र से बाहर निकले. अधिकांश परीक्षार्थियों ने परीक्षा को सामान्य स्तर का बताया. प्रशासन के अनुसार इस बार सख्त निगरानी और जांच के कारण परीक्षा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई.
Also Read : कैमूर DM कुमार अनुराग का सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण, भोजन से डॉक्टरों की उपस्थिति तक जांची व्यवस्था
