Kaimur News (संजय जायसवाल) : नुआंव प्रखंड में निर्माणाधीन प्रखंड कार्यालय के मुख्य गेट पर नाम अंकन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. आरोप है कि गेट पर प्रखंड प्रमुख के नाम के साथ उनके पति का नाम भी जोड़ दिया गया है, जिससे प्रशासनिक नियमों की अनदेखी पर सवाल उठने लगे हैं.
मामला उस समय सामने आया जब लगभग साढ़े सात लाख रुपये की लागत से पंचायत समिति मद से बन रहे प्रखंड कार्यालय गेट पर प्रखंड कार्यालय के नीचे सौजन्य से प्रमुख रीमा संतोष सिंह लिखा पाया गया. जबकि सरकारी दस्तावेजों में प्रमुख का नाम केवल रीमा सिंह दर्ज है.
बीडीसी ने जताया विरोध, कार्रवाई की मांग
तरैथा पंचायत भाग-दो के बीडीसी रामेंद्र राम ने इस नामांकन पर आपत्ति जताते हुए इसे नियमों के विरुद्ध बताया है. उन्होंने 20 मई को बीडीओ को आवेदन देने के बाद 25 मई को डीएम, डीडीसी और निर्वाचन आयोग को लिखित शिकायत भेजकर मामले में कार्रवाई की मांग की है. बीडीसी का कहना है कि किसी भी सरकारी निर्माण कार्य में गलत नाम अंकित करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे प्रशासन की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े होते हैं.
बीडीओ ने माना गलती
इस मामले पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कृष्ण मुरारी ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है और बोर्ड पर नामांकन में गलती हुई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जल्द ही गलत नाम हटाया जाएगा.
Also Read: रामगढ़ में 29 मई से बिहार-यूपी की 7 टीमों के बीच हॉकी टूर्नामेंट, 31 मई को महिला खिलाड़ियों का मैच
