Kaimur News : जिला फुटबॉल संघ, कैमूर के तत्वावधान में जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में चल रही जिला स्तरीय फुटबॉल लीग चैंपियनशिप में शुक्रवार को नेशनल बॉयज फुटबॉल एकेडमी, भभुआ और एकादश फुटबॉल क्लब, भभुआ के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. दोनों टीमों ने पूरे मैच के दौरान शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं रही. मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ.
आक्रामक अंदाज में दोनों टीमों ने की शुरुआत
मैच का शुभारंभ अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया. मैच शुरू होते ही दोनों टीमों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार दबाव बनाया. एकादश फुटबॉल क्लब की ओर से वरिष्ठ खिलाड़ी राजेश कुमार राय उर्फ गुड्डू राय, अमजद अली, वीरेंद्र श्रीवास्तव और कृष्णा पटेल ने कई बेहतरीन मूव बनाये, लेकिन नेशनल बॉयज की मजबूत रक्षापंक्ति ने उनके प्रयासों को नाकाम कर दिया.
Also Read : सासाराम में गैस एजेंसी के खिलाफ शिकायतों पर प्रशासन सख्त, संचालक से जुड़े लोगों पर प्राथमिकी
दूसरे हाफ में भी बरकरार रहा रोमांच
दूसरे हाफ में भी मुकाबले का रोमांच बरकरार रहा. नेशनल बॉयज की ओर से मुनीब कुमार, अरबाज खान, प्रिंस कुमार यादव, अनुपम राय, प्रियांशु कुमार यादव और रविंद्र कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल करने के कई अच्छे अवसर बनाये. हालांकि, दोनों टीमों के खिलाड़ी गोल का खाता नहीं खोल सके. खिलाड़ियों के बेहतरीन पास, ड्रिब्लिंग और गोल के प्रयासों पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया.
Also Read : कृष्ण जन्माष्टमी पर मासूम की मौत, दो बहनों का इकलौता भाई था अंश, पिता की भी बिगड़ी तबीयत
रेफरी की भूमिका में रहे निर्मल सिंह यादव
मैच का संचालन जिला फुटबॉल संयोजक शौकत अली गद्दी ने किया. मुख्य रेफरी की भूमिका निर्मल सिंह यादव ने निभायी, जबकि सहायक रेफरी के रूप में अशरफ अली, जेपी सिंह और इम्तियाज अली ने जिम्मेदारी संभाली.
खेलप्रेमियों की मौजूदगी से स्टेडियम में रहा उत्साह
मुकाबले के दौरान पूर्व मुखिया अरविंद चौबे, जगनारायण यादव और डॉ. निरंजन भीम यादव समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और दर्शक मौजूद रहे. पूरे मैच के दौरान दर्शकों के उत्साह से जगजीवन स्टेडियम का माहौल रोमांचक बना रहा. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए लगातार प्रयास किये, लेकिन अंत में मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ.
Also Read : कृष्ण जन्माष्टमी पर मासूम की मौत, दो बहनों का इकलौता भाई था अंश, पिता की भी बिगड़ी तबीयत
