Kaimur News : पुसौली रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर राज्यसभा सांसद शिवेश राम ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और मांग पत्र सौंपा. सांसद ने पुसौली स्टेशन पर 15137 अप/15138 डाउन बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस तथा 13249 अप/13250 डाउन पटना-भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव शुरू कराने का आग्रह किया.
25 हजार से अधिक आबादी को होगा फायदा
सांसद ने रेल मंत्री को सौंपे मांग पत्र में कहा कि पुसौली रेलवे स्टेशन से आसपास की कई पंचायतों और गांवों की 25 हजार से अधिक आबादी जुड़ी हुई है. स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से स्थानीय यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों के लिए ट्रेनों का ठहराव काफी उपयोगी साबित होगा.
कोरोना के बाद बंद हुआ बुद्धपूर्णिमा का ठहराव
सांसद ने बताया कि कोरोना काल से पहले बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस का पुसौली स्टेशन पर नियमित ठहराव होता था. कोरोना काल के बाद ट्रेन का ठहराव बंद कर दिया गया, जिसे अब तक बहाल नहीं किया गया है. उन्होंने जनहित को देखते हुए बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस का ठहराव फिर से शुरू कराने की मांग की.
पटना और वाराणसी जाने में मिलेगी सुविधा
सांसद ने कहा कि पुसौली स्टेशन पर दोनों ट्रेनों का ठहराव शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को पटना, वाराणसी समेत अन्य प्रमुख शहरों तक आने-जाने में काफी सुविधा होगी. इससे आसपास के गांवों के हजारों यात्रियों को सीधे लाभ मिलेगा और स्थानीय क्षेत्र की परिवहन सुविधा भी बेहतर होगी.
स्थानीय लोगों ने सांसद को दी बधाई
सांसद की पहल पर स्थानीय लोगों ने खुशी जतायी और उन्हें बधाई दी. बधाई देने वालों में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश महासचिव संतोष रावत, पूर्व मुखिया अजीत सिंह, दीनदयाल कुशवाहा, आलोक रंजन चौबे, बबन पासवान, बीडीसी जगजीवन सिंह कुशवाहा, पूर्व मुखिया रामेश्वर राम और शिवप्रसाद राम सहित अन्य लोग शामिल हैं. लोगों ने कहा कि दोनों ट्रेनों का ठहराव शुरू होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी.
