मोहनिया थाना क्षेत्र के देवकली गांव के सिवान में पानी भरे गड्ढे में डूबने से 76 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गयी. मृतक की पहचान देवकली गांव निवासी स्वर्गीय केव नाथ सिंह के 76 वर्षीय पुत्र उधव सिंह के रूप में बतायी जाती है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया.
शौच के लिए गांव के सिवान में गये थे उधव सिंह
जानकारी के अनुसार, उधव सिंह सोमवार की शाम शौच के लिए गांव के सिवान की ओर गये थे. शौच के बाद वह पास में स्थित पानी भरे गड्ढे के समीप पहुंचे. इसी दौरान अचानक पैर फिसलने अथवा किसी अन्य कारण से वह गड्ढे में गिरकर डूब गये.
देर शाम तक घर नहीं लौटने पर शुरू हुई तलाश
देर शाम तक जब उधव सिंह घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की. देर रात तक काफी तलाश करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद परिजन उनके वापस लौटने का इंतजार करते रहे.
सुबह गड्ढे में तैरता मिला वृद्ध का शव
मंगलवार की सुबह कुछ ग्रामीण खेत की ओर गये थे. इसी दौरान पानी भरे गड्ढे में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया. ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी. शव की पहचान उधव सिंह के रूप में की गयी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
वृद्ध की मौत से परिवार में मचा कोहराम
उधव सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.
