कैमूर: चार साल बाद हुई मां मुंडेश्वरी न्यास परिषद की बैठक, अतिक्रमण हटाने और धाम के विकास पर लिए गए फैसले

कैमूर में चार साल बाद मां मुंडेश्वरी भवानी न्यास परिषद की बैठक हुई। मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

Kaimur News : करीब चार वर्ष के लंबे अंतराल के बाद बुधवार को मां मुंडेश्वरी भवानी न्यास परिषद की बैठक जिलाधिकारी एवं न्यास समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय स्थित अतिथि गृह में आयोजित हुई. बैठक में मां मुंडेश्वरी धाम के समग्र विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था तथा आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.

अतिक्रमण हटाने का निर्देश, संरक्षित धरोहर की होगी सुरक्षा

बैठक में जिलाधिकारी ने भगवानपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी को संयुक्त रूप से निर्देश दिया कि मां मुंडेश्वरी मंदिर परिसर एक संरक्षित पुरातात्विक धरोहर है. इसलिए मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में स्थित अवैध दुकानों एवं अतिक्रमण को तत्काल हटाते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

स्वच्छता, जलनिकासी और पेयजल व्यवस्था होगी बेहतर

बैठक में मंदिर परिसर और बाजार क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए कचरा संग्रहण वाहन एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया. साथ ही नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बाजार के दोनों ओर नाला निर्माण, सुलभ शौचालय और पीएचईडी विभाग के माध्यम से नल-जल योजना के तहत पेयजल उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी.

मंदिर परिसर में नहीं होगा पक्का निर्माण

न्यास परिषद ने निर्णय लिया कि मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार का नया पक्का निर्माण नहीं कराया जाएगा, ताकि इसकी पुरातात्विक और धार्मिक पहचान सुरक्षित रहे. साथ ही यह भी तय किया गया कि भविष्य में न्यास परिषद की बैठकें नियमित अंतराल पर आयोजित की जाएंगी. बैठक में विकास आयुक्त, पटना को भी न्यास समिति का सदस्य बनाने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि धाम के विकास कार्यों को और गति मिल सके.

संरक्षक को पौधा देकर किया सम्मानित

बैठक में न्यास समिति के कर्मियों के मानदेय बढ़ाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई. अंत में जिलाधिकारी एवं न्यास समिति के अध्यक्ष ने समिति के संरक्षक चंद्रमौली उपाध्याय को पौधा भेंट कर सम्मानित किया और सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >