Kaimur News : कैमूर के चैनपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में पुलिस ने शराब मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
छापेमारी कर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
चैनपुर थाना पुलिस ने रामगढ़ गांव में छापेमारी कर शराब मामले में फरार चल रहे आरोपित विपिन कुमार को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी रामगढ़ गांव निवासी भोला राय का पुत्र बताया जाता है.
बाइक छोड़कर फरार हुए थे दो तस्कर
थानाध्यक्ष ने बताया कि 11 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली थी कि हाटा-मेंढ़ पथ के रास्ते शराब की खेप लाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू किया था. इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए थे.
बाइक से बरामद हुई थी 36 लीटर शराब
पुलिस जांच में बाइक से बंधे चार कार्टन बरामद किए गए थे. कार्टन की तलाशी लेने पर 180 पीस ब्लू लाइन देसी शराब मिली थी, जिसकी कुल मात्रा 36 लीटर बताई गई थी. इसके बाद पुलिस ने शराब और बाइक को जब्त कर मामला दर्ज किया था.
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विपिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
