Kaimur News : चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा नगर में जमीन विवाद को लेकर मारपीट, निर्माण कार्य में तोड़फोड़ और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. मामले में दिलीप कुमार उपाध्याय ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर 10 लोगों को नामजद करते हुए 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है.
निर्माण स्थल पर लाठी-डंडे और कट्टा लेकर पहुंचने का आरोप
दिये गये आवेदन के अनुसार, दिलीप कुमार उपाध्याय की रैयती जमीन हाटा नगर के मेढ़ रोड में स्थित है. जमीन का खाता संख्या 377 और प्लॉट संख्या 260 बताया गया है. शिकायतकर्ता के अनुसार, उक्त जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था. इसी दौरान मनोज चौहान, उनके पुत्र सत्यम चौहान, शिवम चौहान, सुंदरम चौहान, भोला चौहान, बबलू चौहान, छुन्नू चौहान, सूरज चौहान, पप्पू चौहान और महेंद्र चौहान समेत 20 से 25 अज्ञात लोग वहां पहुंचे.
आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडे और कट्टा लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचे और निर्माण कार्य को रोकते हुए वहां लगी ईंटों को उखाड़ दिया. इसके अलावा बोरिंग में लगा समरसेबल पंप, सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी उखाड़ने का आरोप लगाया गया है. अर्धनिर्मित मकान में रखी निर्माण सामग्री को भी बाहर फेंकने की बात आवेदन में कही गयी है.
10 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप
दिलीप कुमार उपाध्याय ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की. राशि नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से गलत दस्तावेज तैयार करने का प्रयास भी किया जा रहा है.
प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
मामले को लेकर चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि शिकायतकर्ता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है. जमीन से संबंधित दस्तावेज, निर्माण स्थल पर हुई तोड़फोड़ और लगाए गये अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
