Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के करजी गांव में पुलिस ने शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 35.36 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है. हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपित धंधेबाज पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
सामुदायिक भवन के पास शराब बिक्री की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, करजी बाजार स्थित सामुदायिक भवन के समीप शराब की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही शराब कारोबारी वहां से भाग निकला.
फरार धंधेबाज की पहचान करजी गांव निवासी रामायण यादव के पुत्र विकास कुमार के रूप में की गई है.
बोरे से मिली देशी शराब की बोतलें
पुलिस ने सामुदायिक भवन के आसपास तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान एक बोरे से देशी शराब की 13 बोतलें बरामद की गईं. बरामद शराब की कुल मात्रा 2.6 लीटर बताई गई है.
इसके बाद पुलिस ने आरोपित विकास कुमार के घर पर भी छापेमारी की. हालांकि वह घर पर नहीं मिला.
घर की तलाशी में मिली कई ब्रांड की शराब
घर की तलाशी के दौरान पुलिस को विभिन्न ब्रांड की शराब मिली. सामुदायिक भवन और घर से बरामद शराब को मिलाकर कुल 35.36 लीटर शराब जब्त की गई.
पुलिस ने शराब को जब्त कर थाने लाया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपित विकास कुमार के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
