भगवानपुर में बस अनियंत्रित, बड़ा हादसा टला, मची अफरातफरी

Kaimur News : कैमूर जिले के भगवानपुर में अधौरा थाना क्षेत्र के करर और लोहदी गांव के बीच श्रीराम बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई. बोलेरो वाहन को साइड देने के दौरान सड़क संकरी होने से बस का संतुलन बिगड़ गया.

Kaimur News (भगवानपुर से पंकज सिंह की रिपोर्ट):
अधौरा थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब शनिवार की दोपहर चैनपुरा गांव से आ रही श्रीराम बस करर एवं लोहदी गांव के बीच अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई. घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरातफरी और खलबली मच गई. हालांकि संयोग अच्छा रहा कि इस दुर्घटना में किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए.

संतुलन बिगड़ने के कारण बस अचानक अनियंत्रित हो गई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रीराम बस अपने निर्धारित मार्ग पर चल रही थी. इसी दौरान भभुआ की ओर से आ रही एक बोलेरो वाहन को साइड देने के क्रम में बस चालक ने वाहन को सड़क के किनारे ले जाने का प्रयास किया. इस दौरान सड़क संकरी होने और संतुलन बिगड़ने के कारण बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतर गई.

ग्रामीणों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला

बस के सड़क से नीचे उतरते ही यात्रियों में दहशत फैल गई. कई यात्री घबराकर सीटों से उठ खड़े हुए और बस रुकते ही बाहर निकलने लगे. स्थानीय ग्रामीणों ने भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में सहयोग किया.

सड़क संकरी होने से होती है परेशानी

घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर घटना हुई, वहां सड़क अपेक्षाकृत संकरी है, जिसके कारण बड़े वाहनों को आमने-सामने आने पर परेशानी होती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.

सभी यात्री सुरक्षित

स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि बस की गति अधिक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. राहत की बात यह रही कि चालक की सूझबूझ और संयोगवश बस पलटी नहीं, जिससे सभी यात्रियों की जान बच गई. घटना के बाद बस को सुरक्षित निकालने की व्यवस्था की गई, तब जाकर यात्री अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए.

Also Read: मोहनिया नगर पंचायत चुनाव: तीन सदस्य निर्विरोध निर्वाचित, विकास को देंगे प्राथमिकता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >