Kaimur News : मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कैमूर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मोहनिया थाना पुलिस ने एनएच-19 स्थित समेकित जांच चौकी पर कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 30 मवेशी बरामद किए हैं. इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.
चेकिंग अभियान के दौरान हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, कैमूर एसपी के निर्देश पर एनएच-19 पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान समेकित जांच चौकी पर एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई. जांच के दौरान कंटेनर से 30 मवेशी बरामद किए गए.
चार आरोपी गिरफ्तार, सभी गया जिले के निवासी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कंटेनर में सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गया जिले के चेरकी थाना क्षेत्र निवासी इसराफिल खान (पिता- इस्माईल खान), मो. रासिद (पिता- मोहिम), बदलू कुरैशी (पिता- शौकत कुरैशी) और मो. अरशद कुरैशी (पिता- दुक्खी कुरैशी) के रूप में हुई है.
बारुण से फतेहपुर अजूवा ले जाए जा रहे थे मवेशी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद मवेशियों को औरंगाबाद जिले के बारुण से कंटेनर में लोड कर उत्तर प्रदेश के फतेहपुर अजूवा ले जाया जा रहा था. पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है.
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मोहनिया थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. मवेशी तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है. पुलिस मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई कर रही है.
Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत
