Kaimur Police Special Campaign : कैमूर पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिलेभर से 39 आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी खैरियत प्रतिवेदन के अनुसार 19 जुलाई को सभी थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें कई मामलों के आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े.
Kaimur news : शराब से लेकर हत्या के प्रयास तक के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए 39 आरोपितों में शराब सेवन के 19, हत्या के प्रयास के 9, वारंट के आधार पर 5, चोरी के 2, शराब से जुड़े मामले का 1, एनडीपीएस एक्ट का 1, पशु क्रूरता का 1 और अपहरण मामले का 1 आरोपित शामिल है.
हेरोइन, पिकअप और सात मवेशी भी जब्त
छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन, सात मवेशी तथा 1.63 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया. पुलिस ने जब्त सामान को कब्जे में लेकर संबंधित मामलों में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
249 वाहनों का चालान, 3 लाख रुपये से अधिक जुर्माना
वाहन जांच अभियान के दौरान जिलेभर में 249 वाहनों का चालान काटा गया. इस कार्रवाई के दौरान कुल 3,00,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया. पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की है.
विशेष अभियान आगे भी रहेगा जारी
पुलिस के अनुसार भगवानपुर थाना कांड संख्या 262/26 में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत शिव कुमार बिंद को भी गिरफ्तार किया गया है. कैमूर पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर रोक और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
