कैमूर के भितरिबांध पैक्स चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी: अध्यक्ष के लिए 5 और सदस्य पद के लिए 21 मैदान में

Kaimur PACS Election : कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड की भितरिबांध पंचायत में पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन संपन्न हो गया है. अध्यक्ष पद के लिए 5 और सदस्य के लिए 21 दावेदार हैं.

रामपुर से राजू कुमार की रिपोर्ट
Kaimur PACS Election :
रामपुर प्रखंड क्षेत्र की भितरिबांध पंचायत में पैक्स (PACS) समिति के। पुनर्गठन को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए 4 प्रत्याशियों और सदस्य पद के लिए 10 उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए. अंतिम दिन अध्यक्ष पद के लिए मनोज जायसवाल, शत्रुध्न सिंह यादव, पूनम देवी और नवरंग चेरो ने पर्चा भरा.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

वहीं सदस्य पद के लिए विभिन्न आरक्षित एवं सामान्य वर्गों से कुल 10 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया, जिनमें सामान्य वर्ग से 7, पिछड़ा वर्ग से 2 पुरुष तथा अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग से 1 महिला शामिल हैं. अंचल नाजिर जय प्रकाश ने बताया कि नामांकन की यह पूरी प्रक्रिया बेलांव स्थित पंचायत सरकार भवन के सभागार में सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार मौर्य की देखरेख में संपन्न हुई. नामांकन स्थल पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा.

शनिवार को भी हुए थे नामांकन

गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए राजकमल सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था. वहीं उस दिन सदस्य पद के लिए अलग-अलग आरक्षित एवं सामान्य वर्गों से कुल 11 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया था, जिनमें सामान्य वर्ग से दो, पिछड़ा वर्ग से दो पुरुष, अति पिछड़ा वर्ग से दो पुरुष व एक महिला तथा अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग से दो पुरुष व दो महिलाओं ने पर्चा भरा था.

कुल इतने उम्मीदवार मैदान में

इस प्रकार, अब भितरिबांध पैक्स चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कुल 5 और सदस्य पद के लिए सभी वर्गों से कुल 21 उम्मीदवार मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं.

जानें पूरा शेड्यूल

प्रशासनिक स्तर पर चुनाव कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्रों की समीक्षा (स्क्रूटनी) 23 और 24 जून को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक की जाएगी. इसके बाद अभ्यर्थी 25 जून को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे और इसी दिन उन्हें चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा.

मतदान 3 जुलाई को

मतदान 3 जुलाई (शुक्रवार) को सुबह 07:00 बजे से शाम 04:30 बजे तक होगा, और मतगणना उसी दिन मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद कराई जाएगी. इस पूरी प्रक्रिया के बाद अब पंचायत में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है.

Also Read : कैमूर के शिवम कुमार बने BDO: तीसरे प्रयास में मिली सफलता, रिटायर्ड शिक्षक के बेटे ने बढ़ाया जिले का मान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों से जुड़ी हाइपरलोकल खबरों, शिक्षा, रोजगार, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार के विषयों पर समाचार लेखन का कार्य कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >