हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

Kaimur News: कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के अमरपुरा गांव में शनिवार को घर में बिजली का काम करने के दौरान करंट लगने से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है.

Kaimur News: (मोहनिया से विनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट) :
स्थानीय थाना क्षेत्र के अमरपुरा गांव में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां अपने ही घर में बिजली का काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक युवक की असामयिक मौत हो गई. मृतक की पहचान अमरपुरा गांव निवासी बेचू राम के 18 वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, शनिवार को प्रियांशु अपने घर में बिजली की लाइन से संबंधित कुछ जरूरी कार्य कर रहा था. इसी दौरान नंगे तार या तकनीकी गड़बड़ी के कारण वह अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया.

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, मां का रो-रोकर बुरा हाल

करंट लगने के बाद चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. परिजनों ने आनन-फानन में अचेत प्रियांशु को इलाज के लिए मोहनिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थीं. अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने गहन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर और घर पर कोहराम मच गया. मृतक की मां सरोजा देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराने की बात कह रहे परिजन, कागजी प्रक्रिया में जुटी पुलिस

घटना की भनक लगते ही मोहनिया थाना की पुलिस टीम तुरंत अनुमंडल अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने परिजनों और वहां मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की. इधर, घटना से मर्माहत परिजन शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराने की बात कह रहे थे और बिना पोस्टमॉर्टम के ही शव को गांव ले जाने की मांग पर अड़े थे. हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया. समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले को लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया और पंचनामा तैयार करने की विधिक कार्रवाई में जुटी रही.

घटना के बाद पूरे इलाके में पसरा मातम

स्थानीय ग्रामीणों ने दुख जताते हुए बताया कि प्रियांशु बेहद शांत और मिलनसार स्वभाव का युवक था. वह अपने परिवार का होनहार लड़का था और इस तरह अचानक उसकी मौत हो जाने से पूरा गांव गहरे सदमे में है. 18 वर्षीय प्रियांशु की असामयिक मौत से अमरपुरा गांव में चूल्हे तक नहीं जले और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी है और स्थानीय प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है.

Also Read: हाईवा ट्रक के डाले से टकराकर फटा हाई वोल्टेज तार, मची अफरा-तफरी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >