Kaimur News (कर्मनाशा से मैनुद्दीन शाह की रिपोर्ट ) :
रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू द्वारा चार जून को शिक्षा विभाग के मंत्री से मिलकर एक लिखित शिकायत की गई थी. लिखित पत्र में दुर्गावती, रामगढ़ एवं नुआंव प्रखंड में बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना के तहत विभिन्न विद्यालयों में बने निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की गयी थी. विधायक ने आरोप लगाया था कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता काफी खराब है, जिससे भवनों के जल्द जर्जर होने की आशंका है. मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं होने से सरकारी राशि का नुकसान हो रहा है. शिक्षा मंत्री से शिकायत के बाद उनके द्वारा तत्काल एक उच्चस्तरीय जांच टीम गठित की गई.
खजुरा, कुड़ारी और छांव के नवनिर्मित भवनों की जांच में अधिकारी भी देखकर रह गए हैरान
शिक्षा विभाग के मंत्री के निर्देश पर पटना से आई जांच टीम द्वारा रविवार को दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय खजुरा, कुड़ारी एवं छांव में बने नवनिर्मित भवनों के गुणवत्ता की जांच की गई. जांच टीम में अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार, सहायक अभियंता अभय कुमार, कार्यपालक अभियंता विनोद रंजन और जेई मिथुन कुमार शामिल रहे. विद्यालय भवन के निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता इतनी खराब थी कि अधिकारी भी देखकर हैरान रह गए. नवनिर्मित भवनों के छत की ढलाई, ईंट और पिलर की गुणवत्ता काफी खराब पाई गई.
एक ही ठेकेदार द्वारा कराए गए निर्माण में मिली भारी कमी, कुड़ारी में प्लास्टर से छुपा साक्ष्य
जांच में यह बात सामने आई कि एक ही ठेकेदार द्वारा खजुरा, कुड़ारी एवं छांव में इन भवनों का निर्माण कराया गया है. कुड़ारी में भवन का प्लास्टर का कार्य पहले ही हो जाने से साक्ष्य छिप गया था. लेकिन छांव और खजुरा के विद्यालय भवनों में प्लास्टर नहीं होने से गुणवत्ता में की गई कमी और लापरवाही साफ दिखाई दे रही थी. इससे पूर्व विधायक ने अपने पत्र में भी यह जानकारी दी थी कि दुर्गावती प्रखंड के यूएचएसएस खजुरा, उच्च विद्यालय छांव, यूएचएसएस कूड़ाड़ी, शत्रुध्न उच्च विद्यालय कल्याणपुर सहित रामगढ़ व नुआंव प्रखंड के अपग्रेड हाई स्कूलों में नए भवनों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जहाँ छत से पानी टपकने की भी शिकायत मिली थी.
खजुरा व छांव में छत को तोड़कर पुनः बनाने का निर्देश, जांच के समय बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
जांच टीम के अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही खजुरा व छांव के विद्यालय भवन की छत को तोड़कर पुनः बनाए जाने का कड़ा निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिया गया. विधायक सतीश यादव ने शिक्षा मंत्री से आग्रह किया था कि दोषी पाए जाने वाले लोगों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए. इस पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान मौके पर राहुल कुमार, विनय गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, मुकेश सिंह, शैलेंद्र गुप्ता, आशीष कश्यप, दीपक, उषा देवी सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
Also Read: जिस दोस्त को नौकरी दिलाने दिल्ली बुलाया, उसी ने ले ली जान, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
