Kaimur News : अमित कुमार सिन्हा की रिपोर्ट : कैमूर जिले में पिछले कई दिनों से जारी बेहिसाब गर्मी और चिपचिपी उमस ने आम जनजीवन को पूरी तरह बेहाल कर दिया है. हालांकि, आसमान में बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में हो रही छिटपुट बारिश से मौसम का मिजाज जरूर बदला है, लेकिन इसके बावजूद गर्मी के तेवर कम नहीं हुए हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, आज बुधवार को भी उमस और गर्मी का यह सितम पूरी तरह बरकरार रहने की संभावना है. दिन में बादलों की ओट से निकलने वाली तेज धूप लोगों को जमकर परेशान करेगी, हालांकि बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी से थोड़ी राहत की उम्मीद जरूर की जा सकती है.
इस हफ्ते नहीं मिलेगी राहत, 40 डिग्री तक जाएगा पारा
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे सप्ताह के अंत तक जिलेवासियों को इसी प्रकार की झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की आशंका है. इधर, लगातार चल रही पुरवा हवा और हवा में नमी (आर्द्रता) का स्तर 56 प्रतिशत से अधिक होने के कारण उमस की स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे लोग पसीने-पसीने हो रहे हैं.
कैसा रहेगा आज के तापमान का गणित
बुधवार को जिले में तापमान और हवा की स्थिति कुछ इस प्रकार रहने का अनुमान जताया गया है:
अधिकतम तापमान: लगभग 38 से 40 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: लगभग 28 से 30 डिग्री सेल्सियस
हवा की रफ्तार: 5 से 8 किलोमीटर प्रति घंटा (हल्की से मध्यम)
आसमान की स्थिति: सुबह और शाम के वक्त आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना
हल्की हवाएं भी बेअसर, घरों में कैद रहने को मजबूर लोग
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आसमान में बादलों के रहने के बावजूद धूप के तीखे तेवर और उमस का असर कम नहीं होगा. 5 से 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हल्की हवाएं भी इस झुलसाने वाली गर्मी से राहत दिलाने में नाकाम साबित हो रही हैं. दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है और लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. डॉक्टरों ने भी इस मौसम में डिहाइड्रेशन से बचने के लिए अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दी है.
