कैमूर में शॉर्ट सर्किट से टेंट गोदाम में लगी भीषण आग, लग्जरी कार समेत 15 लाख की संपत्ति खाक

Kaimur News: कैमूर जिले के नुआंव बाजार स्थित मुस्कान टेंट हाउस के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में लग्जरी कार समेत करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई. ग्रामीणों और दमकल टीम ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

Kaimur News: (नुआंव से संजय जायसवाल की रिपोर्ट)
कैमूर जिले के नुआंव बाजार में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्य सड़क किनारे स्थित मुस्कान टेंट हाउस के गोदाम से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में खड़ी लग्जरी चार पहिया वाहन समेत लाखों रुपये के टेंट सामान को अपनी चपेट में ले लिया. शॉर्ट सर्किट से लगी इस भीषण आग में करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई, जबकि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा.

विकराल रूप धारण कर लिया आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम से अचानक धुएं के साथ आग की तेज लपटें उठने लगीं. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे टेंट, सजावटी सामग्री, फर्नीचर व अन्य उपकरण उसकी चपेट में आ गए. आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने-अपने घरों के समरसेबल चलाकर आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया था.

दमकल की टीम ने आग पर पाई काबू

घटना की जानकारी मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई. हालांकि गोदाम के मुख्य गेट के समीप खड़ी चार पहिया वाहन में लगी आग की तेज लपटों के कारण दमकल कर्मियों को अंदर तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई. लंबे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका.

चार पहिया वाहन भी जलकर हुआ खाक

जानकारी के अनुसार मुस्कान टेंट हाउस के प्रोपराइटर शैलेंद्र जायसवाल ने गोदाम संचालन के लिए उक्त मकान किराए पर लिया था. गोदाम में टेंट के सामान के साथ उनकी निजी चार पहिया वाहन भी खड़ी थी, जो पूरी तरह जल गई. आग लगने की इस घटना से व्यवसायी को भारी आर्थिक क्षति हुई है. मौके पर पहुंचे पीड़ित परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

Also Read: कैमूर सड़क हादसा: ट्रैक्टर-बाइक टक्कर में घायल दूसरे युवक की भी मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >