Kaimur News: मोहनिया का शातिर हाईवे लुटेरा यूपी पुलिस के शूटआउट में घायल, महिला बनकर करता था लूट

Kaimur News : उत्तर प्रदेश की चंदौली पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ के बाद मोहनिया के अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना उपेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है. पैर में गोली लगने से घायल यह शातिर बदमाश अपने साथियों के साथ महिला का भेष धारण कर हाईवे पर राहगीरों से लूटपाट करता था.

Kaimur News (शिवकुमार भारती): कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के बड़का पकड़िहार गांव निवासी और अंतरराज्यीय हाईवे लुटेरा गिरोह का सरगना उपेंद्र यादव उत्तर प्रदेश के चंदौली में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया है. खुद को पुलिस से घिरता देख अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें उपेंद्र के बाएं पैर में गोली लगी है. पुलिस ने घायल सरगना के साथ उसके तीन अन्य साथियों को भी दबोच लिया है.

महिला का भेष धरकर राहगीरों को बनाते थे निशाना

चंदौली पुलिस के अनुसार, हाईवे पर लूटपाट करने वाला यह अंतरराज्यीय गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था. गिरोह के सदस्य हाईवे और सुनसान जगहों पर राहगीरों को रोकने के लिए कभी महिला का भेष धारण करते थे, तो कभी सामान्य रूप से मदद मांगने या रास्ता पूछने के बहाने वाहनों को रुकवाते थे. जैसे ही गाड़ी रुकती, ये लोग हथियार के बल पर नगद, मोबाइल और कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे. घटना के बाद ये कभी यूपी तो कभी बिहार में छिप जाते थे.

17 मई की लूट के बाद पुलिस ने बिछाया जाल

बीती 17 मई को इस गिरोह ने वाराणसी से बिहार जा रहे गाड़ी सवार ज्ञानेंद्र तिवारी को भगवानपुर नहर के पास रोककर मारपीट की थी और उनसे 42 हजार रुपये नगद लूट लिए थे. इस मामले में चंदौली थाने में केस दर्ज कराया गया था. 18 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि यह गिरोह भगवानपुर तालाब के पास मौजूद है. सूचना मिलते ही चंदौली पुलिस, स्वाट और एसओजी की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की, जिसके बाद अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.

तीन साथी भी गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस बरामद

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सरगना उपेंद्र यादव के पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके पास से एक अवैध असलहा, खोखा, जिंदा कारतूस और लूट के 2045 रुपये बरामद किए हैं. इसके साथ ही पुलिस ने गिरोह के तीन अन्य सदस्यों मंजय कुमार, बहादुर ठठेरा और मुस्तफा को भी गिरफ्तार कर लिया है. घायल उपेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पूछताछ में अपराधियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है.

यूपी और बिहार के कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

पकड़े गए गिरोह के सरगना उपेंद्र यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ बिहार के कैमूर जिले के कुदरा थाने में आर्म्स एक्ट और लूट के तीन मामले, मोहनिया थाने में एक मामला और सासाराम जीआरपी में दो मामले पहले से दर्ज हैं. इसके अलावा यूपी के चंदौली थाने में भी लूट का नया मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.

Also Read: चार वर्षीय बच्चे के अपहरण से सनसनी, आईजी की निगरानी में जांच तेज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >